
मुड़ागांव (कोरासी) :- छत्तीसगढ योग आयोग, एससीईआरटी से प्रशिक्षित योगाचार्यो द्वारा जिले के गांव गांव जाकर लोगों को निरोगी रहने के गुर सिखा रहे हैं। ग्राम पंचायत पक्तियाँ में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ के पावन मंच पर योग एवं आध्यात्मिक चिंतन शिविर आयोजित की गई। योगाचार्यों जागेश्वर ध्रुव, शंकर लाल यदु, संतराम कंवर, देवनारायण यदु और अर्जुन धनंजय सिन्हा ने योग को आकर्षक तरीके से सूक्ष्मता के साथ सिखाया। योग शिक्षकों ने आसन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। ईंजन दौड़, सर्वांगपुष्टि, ऊर्ध्वगति, उदकुदन, रेखीय गति, यौगिक प्रार्थना, दण्ड एवं बैठक कराया। यौगिक जॉगिंग के बारह अभ्यास, 48 सुक्ष्म व्यायाम को उनके लाभ, सावधानियों से अवगत कराते हुए सिखाया गया। खानपान में अंकुरित नवरत्न को शामिल करने की सलाह दिए। योग एवं प्राकृतिक रसाहार को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का भी निवेदन किए। मंत्रोच्चारण द्वारा उद्गीथ, प्रणव प्राणायाम, भस्रिका, कपालभाति, बाह्य प्राणायाम, उज्जायी, भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। नियमित अभ्यास हेतु महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। छत्तीसगढ़ योग शिक्षक महासंघ जिलाध्यक्ष अर्जुन धनंजय सिन्हा ने योग की उत्पति, आध्यात्मिक और वैज्ञानिक दृष्टि से योग के महत्व पर प्रकाश डाला। पेट के बल किए जाने वाले मकरासन, भुजंगासन, नौकासन, शलभासन, धनुरासन का अभ्यास कराया। मंत्रों के साथ सूर्य नमस्कार भी कराया गया। पीठ के बल किए जाने वाले उत्तानपादासन, सेतुबंध आसन, हलासन, सर्वांगासन, विपरीत करनी आसन, विपरीत नौकासन, पवनमुक्तासन, मर्कटासन, पाद वृत्तासन का श्वास प्रश्वास के साथ बारीकी से अभ्यास कराते हुए उनके लाभ से अवगत कराया। मानस मर्मज्ञ उदेराम साहू, हीरालाल पटेल ने श्री राम चरित मानस के किष्किंधा कांड के पावन प्रसंग पर चर्चा करते हुए योग की महिमा का बखान किया। विनोद कुमार चौहान द्वारा योग पर आधारित स्वरचित प्रेरणादायक कविता का वाचन किया। योग सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है, जिसे हम सभी को नियमित दिनचर्या में अपनाना चाहिए। प्रशस्ति पत्र, श्रीफल एवं अंगवस्त्र से योगाचार्यों का सम्मान किया गया। शिक्षक धर्मेन्द्र साहू ने मंचीय संचालन किया। शिविर की सफलता में सरपंच गणेश ध्रुव, उप सरपंच महेन्द्र साहू, रामलाल पटेल, नारद साहू, श्रीमति पुर्णिमा पटेल, परमिला ध्रुव, नंदनी साहू, गोवर्धन ध्रुव का विशेष योगदान रहा। बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने योगाभ्यास का लाभ लिया।
