राजिम :- समग्र शिक्षा माध्यमिक स्तर अभियान के अंतर्गत राज्य स्तर पर प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए गरियाबंद जिले के नवमी से बारहवीं के 200 विद्यार्थियों को जिला शिक्षा अधिकारी डी एस चौहान के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला परियोजना अधिकारी बुद्धविलास सिंह के निर्देशन में साइंस सिटी व पुरखौती मुक्तांगन का भ्रमण किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर साइंस सिटी रायपुर एवं पुरखौती मुक्तांगन के लिए रवाना करते हुए कहा कि एक्सपोजर भ्रमण का शिक्षा के क्षेत्र में अपना विशेष महत्व है। समग्र शिक्षा (माध्यमिक स्तर) अभियान के तहत एक्स्पोज़र भ्रमण से परोक्ष नहीं बल्कि प्रत्यक्ष रूप से देखते हैं जिससे ज्ञान स्थाई होते हैं साथ ही रसानुभूति की प्राप्ति एवं सुख की प्राप्ति होती है जो मनोरंजन के माध्यम से शैक्षिक गतिविधियों को सीखने-सिखाने का एक सशक्त माध्यम है। सहायक जिला परियोजना अधिकारी बुद्धविलास सिंह ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण से छात्र-छात्राओं के दृष्टिकोण में विस्तार होता है। एक्सपोजर भ्रमण के माध्यम से छात्रों में एक अनुभूति जागृत होती है जिससे विज्ञान, पर्यावरण एवं हमारी संस्कृति को व्यक्तिगत रूप से जान सकते हैं। इसके अतिरिक्त छात्रों के समूह में रहने की प्रवृत्ति, आत्मविश्वास एवं भाईचारे की भावना प्रबल होती है। उन्होंने आगे बताया कि साइंस सिटी में चुम्बकीय प्रयोग, अनंत कुंआ कुमार सौरमण्डल, तारामंडल जादुई पानी का नल, तैरती गेंद, दर्पण का जादू,समय यंत्र, अंतरिक्ष विज्ञान गति विद्युत, प्रकाशीय उपकरण को देखकर ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक जानकारी हासिल की।वही सहायक जिला परियोजना अधिकारी द्वारा शिक्षकों व छात्र छात्राओं के साथ एक्सपोजर भ्रमण करने के पश्चात सभी सहयोग करने वाले शिक्षकों का आभार व्यक्त की।नोडल प्रभारी ज्ञानेंद्र शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ विज्ञान केन्द्र विज्ञान के छात्रों के साथ प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वालों के साथ अन्य जो इस विषय मे रुचि रखते हैं उनके लिए बेहद अनुकूल जगह है। प्राचार्य पूरन लाल साहू ने कहा कि साइंस सिटी का मुख्य उद्देश्य खेल खेल में विज्ञान सीखना और विज्ञान के प्रति लोगों को जागरूक करना। इस मौके पर नोडल प्रभारी ज्ञानेंद्र शर्मा, रुट प्रभारी पूरन लाल साहू, सतीश मालवीय, क्रांति साहू,ओमप्रकाश वर्मा, अजय यादव, किशोर कुमार साहू,कपिल सिन्हा, नीरज बघेल, किशोर साहू, अनिल सलाम, पूनम साहू, उमेश कुमार, कविता सिन्हा, राखी पटेल, सुनंदा वर्मा पटेल सर धरमलाल प्रजापति, उपासना गार्गव, अंगद कुमार,प्रियनाथ पैकरा व छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

