
डौडी :- कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम गुदुम के गौठान में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क के प्रगतिरत कार्य एवं ग्राम घोटिया में शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान श्री शर्मा ने सीईओ जनपद पंचायत एवं अन्य अधिकारियों से रीपा के निर्माण कार्य के प्रगति के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को रीपा के निर्माण को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने रीपा निर्माण के प्रस्तावित नक्शा का अवलोकन भी किया। श्री शर्मा ने पेड़ के छांव में चैपाल लगाकर ग्रामीणों एवं स्वसहायता समूह के महिलाओं से गांव में चल रहे विकास कार्य एवं गौठान के गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने कलेक्टर को गांव में शासकीय योजनाओं की क्रियान्वयन की स्थिति के संबंध में जानकारी दी। स्वसहायता समूह के महिलाओं ने बताया की गौठान में समूचित मात्रा में वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण एवं बिक्री की जा रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ रेणूका श्रीवास्तव, एसडीएम योगेन्द्र श्रीवास, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश ठाकुर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। इस दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने ग्राम घोटिया पहुंचकर आदिवासी कन्या आश्रम का निरीक्षण किया। श्री शर्मा ने मौके पर उपस्थित सरपंच श्रीमती ममता मंडावी एवं ग्रामीणों से चर्चा कर आश्रम के व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कन्या आश्रम के शौचालय, शयन, रसोई एवं भोजन कक्ष आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने रसोई कक्ष में व्यवस्थित रूप से रखे गए डायनिंग टेबल एवं आश्रम की साफ-सफाई की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आश्रम की व्यवस्था की सराहना की। सरपंच ममता मंडावी ने कलेक्टर श्री शर्मा से आश्रम के लिए अलग से प्रवेश द्वार निर्माण करने की मांग की। कलेक्टर श्री शर्मा ने मौके पर उपस्थित डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्राची ठाकुर को इसके लिए शीघ्र प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
