एमसीबी। बुधवार 25 जनवरी को संजीवनी कैंसर केयर फाउंडेशन द्वारा आम जनों को कैंसर जागरूकता संबंधी जानकारी देने हेतु मनेंद्रगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेसवार्ता को मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ राकेश मिश्रा और सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ दिवाकर पांडेय द्वारा संबोधित किया गया।
डॉ दिवाकर पाण्डेय और डॉ राजेश मिश्रा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल रायपुर में कैंसर चिकित्सा की अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध है।हॉस्पिटल में एक ही छत के नीचे कैंसर सर्जरी, कीमोथेरपी, रेडियोथेरेपी, न्यूक्लियर मेडिसिन और रोबाटिक्स सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है।डॉ दिवाकर पाण्डेय ने बताया कि संजीवनी कैंसर फॉउन्डेशन द्वारा समय समय पर निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग कैंप और कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है ताकि आम जनों के मन में कैंसर को लेकर जो भ्रांतिया है उसको दूर करके उनको सही इलाज के लिये प्रेरित किया जा सके।उन्होंने कहा कि कैंसर किसी को भी हो सकता है और शरीर के किसी भी हिस्से में कभी भी हो सकता है तो हमें कैंसर के आम लक्षणों के बारे में जागरूक रहना चाहिए जिससे की आपके चिकित्सक आपका त्वरित एवं सम्पूर्ण इलाज कर सकें। उन्होंने बताया की बिना वजह वजन का घटना, बुखार, थकान, दर्द, त्वचा में परिवर्तन, मलमूत्र की आदतों या मूत्राशय के कार्य में परिवर्तन, घाव का ठीक नहीं होना, असामान्य रक्तस्राव या डिस्चार्ज, शरीर के किसी हिस्से में गांठ या उभार आना, अपच या निगलने में परेशानी, मस्से या तिल में हाल ही में हुआ बदलाव, बार बार खांसी आना या आवाज में बदलाव आना या स्वर बैठना आदि कैंसर के कुछ लक्षण हैं जिनका लोगों को ध्यान रखना चाहिए। यदि आप इनमें से किसी भी लक्षण को नोटिस करते हैं और वे गायब नहीं होते हैं, तो समय आ गया है कि आप डॉक्टर से जाकर चेकअप कराएं और परामर्श लें। मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ राकेश मिश्रा ने बताया कि कैंसर के बारे में जानकारी पाने का सबसे बेहतर तरीका डॉक्टर से सलाह लेना ही है।कैंसर का इलाज मुख्यतः सर्जरी, कीमोथेरेपी और रेडियोथैरेपी के द्वारा किया जाता है। सर्जरी में कैंसर ग्रसित कोशिकाओं को शरीर से निकाल दिया जाता है, कीमोथेरेपी में दवाओं के माध्यम से कैंसर कोशिकाओं को नष्ट किया जाता है और रेडियोथैरेपी में रेडिएशन की सहायता से कैंसर कोशिकाओं को नष्ट किया जाता है।उन्होंने यह भी कहा कि कैंसर के शुरुवाती स्टेज में इलाज कराने से कैंसर से जड़ से छुटकारा पाया जा सकता है इसलिए कोई भी लक्षण आने पर तुरंत अपने डॉक्टर के पास जा कर परामर्श लेना चाहिए। सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ पांडेय ने आगे बताया कि कैंसर एक जटिल एवं गंभीर बीमारी है जिसका इलाज अत्याधुनिक तकनीकों से किया जा सकता है इसके अतिरिक्त योगा, प्राणायाम जैसे नियमित व्यायाम करके भी कैंसर से बचा जा सकता है। एडवांस्ड स्टेज में भी इम्यूनोथेरेपी एवं अन्य अत्याधुनिक तकनीकों द्वारा कैंसर पर काबू पाया जा सकता है।
