नशीली दवाओं के साथ 1 गिरफ्तार।

एमसीबी। जिले के चिरमिरी थाना अंतर्गत नशीली दवाओं को बेचने की फिराक में घूम रहे 1 युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में नशीली दवाओं को भी बरामद कर लिया है। उपरोक्त संबंध मे जानकारी देते हुए थाना प्रभारी चिरमिरी कमलकांत शुक्ला ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी -भरतपुर के द्वारा अवैध कारोबार और नशीले पदार्थों की बिक्री के विरूद्ध अभियान चलाकर अवैध कारोबारियों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के लिये निर्देशित किया गया था। उच्च अधिकारियों के आदेश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमेश बरैया,नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी पी. पी. सिंह के मार्गदर्शन में थाना चिरमिरी के अंतर्गत 21 जनवरी 2023 को मुखबिर से सूचना मिली कि हल्दीबाडी निवासी विनय तिवारी जो कुछ दिनों पहले ही जेल से छूटकर आया है और फिर से नशीली दवाओं का व्यापार कर रहा है। अभी भी उसके पास नशीला इंजेक्शन और दवाई है और उसे बेचने के लिये वह गैस गोदाम हल्दीबाडी के आगे रोड में ग्राहक की तलाश कर रहा है। मुखबिर की सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक के. के. शुक्ला द्वारा गठित टीम सउनि नयन साय पैकरा, प्रधान आरक्षक सुरेश गौड़ और आरक्षक इंद्रजीत ने घेराबंदी कर संदेही युवक को पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना पूरा नाम व पता विनय तिवारी पिता स्व. लालजी तिवारी उम्र 23 वर्ष निवासी हल्दीबाडी सडक दफाई वार्ड 11 थाना चिरमिरी जिला एमसीबी छ.ग. का होना बताया।उसकी तलाशी लेने पर आरोपी के पास से कुल 65 नग ब्यूप्रेनॉर्फिन 02-02 एमएल. एवं एवील इंजेक्शन के 10-10 एमएल वायल 42 नग मिला। आरोपी द्वारा नशीली दवाओं को चिरमिरी लाकर बेचना स्वीकार करने पर धारा 22 (सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है। सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक के.के. शुक्ला, उप निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक नयन साय पैकरा, प्र.आर. संदीप बागीस, संजय पाण्डेय, विश्वनाथ सिंह, सुरेश गौड़, आरक्षक अम्बूज सिंह, संजय सिंह, इन्द्रजीत की सराहनीय भूमिका रही।