राजिम माघी पुन्नी मेला में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों की होगी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति

राजिम माघी पुन्नी मेला में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों की होगी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति
ढोलामारू, पण्डवानी सहित विविध सांस्कृतिक रंगांे की बिखरेगी छटा
आरू साहू की प्रस्तुति से मेले का शुभारंभ और बारूका के रंग सरोवर की प्रस्तुति के साथ होगा समापन


राजिम।  राजिम माघी पुन्नी मेला 2021 के मुख्य मंच पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोक गायकों और कलाकारों द्वारा राज्य के पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक और छत्तीसगढ़ वासियों के मन में रचे-बसे कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जायेगी। कार्यक्रम के पहले दिन 27 फरवरी को शाम 5 बजे से रात्रि 7 बजे तक सुप्रसिद्ध नन्ही कलाकार आरू साहू की प्रस्तुति से मेला की रंगारंग शुरूआत होगी। पहले ही दिन शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक उर्वशी साहू कृत मया के संदेश की प्रस्तुति होगी। इसी तरह 11 मार्च महाशिवरात्रि तक प्रत्येक दिन दो कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।
दूसरे दिन 28 फरवरी को राज्य के लोकप्रिय कलाकार कुलेश्वर ताम्रकर एवं श्रीमती ममता चन्द्राकार द्वारा चिन्हारी की मनमोहक प्रस्तुति दी जायेगी। तीसरे दिन 01 मार्च को घनश्याम महानंद और महादेव हिरवानी प्रस्तुति देंगे। 02 मार्च को राम वनगमन गीत एवं संगीत की प्रस्तुति डाॅ परदेशी राम वर्मा और संजय सुरीला , 03 मार्च को राकेश शर्मा एवं रिखी क्षत्रीय, 04 मार्च को ढोलामारू के रजनी रजक और सुर श्रृंगार सतरंगी के नीलकमल वैष्णव, 05 मार्च को चेतन देवांगन द्वारा पंडवानी और सुनील सोनी नाईट्स का आयोजन होगा। 06 मार्च को कलाकार जाकिर हुसैन और अल्का चन्द्राकर की प्रस्तुति होगी। 07 मार्च को राघव म्युजिकल ग्रुप और अनुराग धारा के माध्यम से कविता वासनिक प्रस्तुति देंगे। 08 मार्च को रेखा देवार और सुनील तिवारी के रंगझाझर, 09 मार्च को राम लखन नाच पार्टी के केवल राम और लोकरंग के दीपक चन्द्राकर, 10 मार्च को लोकमंच के हिम्मत सिन्हा और रंगझरोखा के दुष्यंत हरमुख, कार्यक्रम के समापन दिवस दिलीप षडंगी द्वारा जगराता एवं भूपेन्द्र साहू के रंग सरोवर का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

राजिम मेला में लगेगा 14 विभागों की प्रदर्शनी
लोगों को सहज रूप से मिलेगी योजनाओं की जानकारी


राजिम। राजिम माघी पुन्नी मेला में इस बार भी महत्वपूर्ण विभागों के प्रदर्शनी लगाई जायेगी। धर्मस्व मंत्री  ताम्रध्वज साहू के निर्देश पर कलेक्टर  निलेश क्षीरसागर द्वारा 14 विभागों को निर्देशित किया गया है। यह विभागीय स्टाॅल मुख्यमंच के दायीं ओर डोम के पास लगेगी। मेले में विशेष रूप से जिला पंचायत द्वारा शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं नरवा, गरवा, घुरूवा और बाड़ी तथा अन्य योजनाओं एवं विकास पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जायेगी। इनके अलावा स्टाॅल लगाकर कृषि विभाग, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्योग विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, वन विभाग, रेशम, हस्तशिल्प, मत्स्य, पशुपालन, स्वास्थ्य, पुलिस और जनसंपर्क विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों पर आधारित प्रदर्शनी लगाये जायेंगे।