सुकमा। छ०ग० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देश पर दिशा स्कीम के अन्तर्गत नालसा के निर्देशानुसार आकांक्षी जिलों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम करने का निर्देश प्राप्त होने पर माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अब्दुल जाहिद कुरैशी के मार्गदर्शन में तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार महोबिया की अध्यक्षता में दिनांक 14. 01.2023 एवं 15.01.2023 को ग्राम केरलापाल व पाकेला में जिला प्रशासन के सहयोग से विधिक साक्षरता शिविर का भव्य आयोजन किया गया। दिनांक 14.01.2023 को ग्राम पंचायत भवन केरलापाल में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सुकमा, कृषि अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी एवं श्रम अधिकारी सहित अन्य महत्वपूर्ण विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार महोबिया के द्वारा शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में कृषि विभाग के द्वारा खाद्य, बीज एवं फसल के बारे में उपस्थित जन समुदाय एवं कृषकों को विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कृषि विभाग के अधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों को सूरजमुखी एवं कोदो कुटकी की फसल उत्पादित कर अपनी आय बढ़ाने के संबंध में बताया। कृषि विभाग के द्वारा 10 किसानों को सूरजमुखी के उन्नत बीज ग्रामीण कृषकों को निःशुल्क श्री संतोष कुमार महोबिया के कर कमलों से वितरीत किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी श्री कपिल देव कश्यप के द्वारा क्षेत्र में होने वाली बीमारियों के संबंध में और उनकी रोकथाम तथा उपचार के बारे में ग्रामीणों को जानकारी प्रदान की गई। श्रम विभाग की महिला अधिकारी द्वारा मजदूरों के लिए श्रम कार्ड, पेंशन, दुर्घटना बीमा, छात्रवृत्ति के बारे में अवगत कराया गया, साथ ही उनके द्वारा बताया गया कि श्रमिक कार्ड धारक की पहली एवं दूसरी संतान उत्पन्न होने पर दोनों संतानों को बीस-बीस हजार रूपये की राशि तथा 18 वर्ष की उम्र के पश्चात् पुनः बीस-बीस हजार रूपये की राशि प्रदान की जाती है। श्रमिक की मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को एक लाख रूपये की राशि बतौर मुआवजा के रूप में प्रदान की जाती है। शिविर में महिला बाल विकास अधिकारी के द्वारा भी बच्चों एवं महिलाओ के संबंध में संचालित शासकीय योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। शिविर में उपस्थित सरपंच श्रीमती मरकाम ने भी शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के साथ नरवा, घुरवा, घरवा बाड़ी के संबंध में संचालित योजनाओं जिसमें गोबर संग्रहण वर्मी कम्पोस्ट व स्व सहायता समूह के द्वारा साबुन तथा मसालों के संबंध में महिलाओं की आय बढ़ाने के संबंध में कई सुझाव दिये। श्री कैलाश जैन अधिवक्ता के द्वारा कानूनी जानकारी प्रदान करते हुए अपराध से दूर रहने की सलाह दी। अध्यक्ष संतोष कुमार महोबिया द्वारा बाल विवाह निवारण अधिनियम, क्षतिपूर्ति पीड़ित योजना, दहेज प्रताड़ना अधिनियम, मोटर यान अधिनियम एवं अन्य छोटे-छोटे कानूनों के बारे में कहा कि कानून की प्रति हमको सजग होना है। अध्यक्ष महोदय के द्वारा शिविर में उपस्थित गर्भवती महिला की गोद भराई की रश्म सम्पन्न कराई गई। वहीं दिनॉक 15.01.2023 को ग्राम पाकेला के ग्राम पंचायत भवन में शिविर का आयोजन किया गया था जिसमें शासन के महत्वपूर्ण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। जिन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बैंकिग एवं अन्य विभागों में संचालित शासकीय योजनाओं के बारे में उपस्थित जन समुदाय को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने शिविर के पश्चात् हर्ष व्याप्त करते हुए शासन की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ लेने की बात कही।
