
नवापारा राजिम / जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज ने धान संग्रहण केंद्र जौंदाभांठा के मजदूरों को नियमित रूप से मजदूरी का भुगतान नहीं किये जाने का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की मांग की है. उन्होंने कहा कि वैतनिक मजदूरों को पी.एफ. की पर्ची नहीं दी जा रही है तथा मजदूर ठेकेदार द्वारा वहां काम करने वाले हमालों का पी.एफ. नहीं काटा जा रहा है. श्री बजाज ने कहा कि संग्रहण केंद्र में 20-25 साल से कार्यरत मजदूरों का बीमा नहीं किया गया है और ना ही केंद्र में कोई मेडिकल सुविधा मुहैया कराई गई है. उन्होंने इस बात पर भी आपत्ति की कि मजदूरों के विश्राम एवं भोजन के लिए पर्याप्त शेड की व्यवस्था नहीं की गई है. श्री बजाज ने कहा कि संग्रहण केंद्र का तार घेरा कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है जिससे संग्रहण केंद्र में लावारिस जानवर घुसकर धान को बर्बाद कर रहें है. उन्होंने कहा कि संग्रहण केंद्र का हैंडपंप पिछले कई महीने से ख़राब पड़ा है जिसे सुधरवाने में फड़ प्रभारी द्वारा हीला हवाला किया जा रहा है, जिससे फड़ में कार्यरत लगभग 500 मजदूरों को पेयजल के लिए भटकना पड़ता है. इसके पूर्व प्रगतिशील हमाल मजदूर संघ जौंदाभांठा के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष शिवकुमार साहू के नेतृत्व में सहकारी नेता अशोक बजाज से मुलाकात कर उन्हें अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। श्री बजाज ने तत्काल पहल करते हुए पंजीयक सहकारी संस्थाएं एवं छत्तीसगढ़ सहकारी विपणन संघ के प्राधिकृत अधिकारी श्री हिमशिखर गुप्ता को पत्र लिखकर संग्रहण केंद्र जौंदाभांठा के मजदूरों की समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की है
