गरियाबंद। प्रदेश के गृह एवं धर्मस्व न्यास मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज राजिम माघी पुन्नी मेला आयोजन के नये स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी किए।
मंत्री ताम्रध्वज साहू ने नये राजिम माघी पुन्नी मेला स्थल के मास्टर प्लान का अवलोकन किया और स्वयं स्थल का भ्रमण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला अधिकारियों को जल्द से जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर, एसपी भोजराम पटेल, राजिम एसडीएम जीडी वाहिले, तहसीलदार ओपी वर्मा सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

ज्ञात हो कि राज्य शासन ने राजिम माघी पुन्नी मेला आयोजन के लिए शहर से बाहर 54 एकड़ भूमि को चयनित किया है। सरकार की भविष्य में इसी स्थान पर मेला आयोजन करने की मंशा है। इसको लेकर राज्य सरकार युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटी है। साधु संतों और श्रद्धालुओं के रुकने के लिए निवास भी इसी स्थल पर बनाये जाने है।
इस बार मेला के आयोजन को लेकर मंत्री ने कोई स्पष्ट ब्यान जारी नही किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण फिलहाल राजिम माघी पुन्नी मेला आयोजन पर संशय बना हुआ है। उन्होंने हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में जल्द ही इस पर कोई फैसला लेने की बात कही है।
राजिम माघी पुन्नी मेला सदियों से हर साल माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक आयोजित होता है। इस बार भी मेला इसी तिथि को होना प्रस्तावित है। मगर कोरोना महामारी के कारण इस बार इसके आयोजन को लेकर संशय बना हुआ है।
राजिम माघी पुन्नी मेला ना केवल प्रदेश बल्कि देश विदेश में भी अपनी धार्मिक मान्यताओं के कारण बहुत प्रसिद्ध है। 15 दिन तक चलने वाले इस मेले में श्रद्धालु दूर दूर से पहुंचतें है। राज्य सरकार ने मेले को विस्तार और भव्यता देने के लिए नये स्थल का चयन किया है।
