जिला ओलंपिक 2026 के लिए 1 अक्टूबर से पंजीयन शुरू

विकासखंड, जिला एवं जिला मुख्यालय स्तर पर होंगे खेल आयोजन; बिना पंजीयन नहीं मिलेगा प्रतियोगिता में प्रवेश

कांकेर – जिले के युवाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी खेल प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी विकासखंडों में जिला ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर  कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का व्यापक आयोजन किया जाएगा।

जिला ओलंपिक में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं, जबकि सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पंजीयन प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू होगी।

1 से 30 अक्टूबर तक होगा पंजीयन

प्रतियोगिता के लिए 1 से 30 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर संबंधित जिला पंचायत एवं कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी तथा जिला स्तर पर कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, इंडोर स्टेडियम भवन कांकेर और कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कांकेर में पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी पंजीयन किया जा सकेगा।

बिना पंजीयन किसी भी खिलाड़ी को प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा। पंजीयन के लिए आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी तथा स्वयं के बैंक खाते की जानकारी देना अनिवार्य होगा। बैंक विवरण में नाम, पता, पिता का नाम, खाता क्रमांक एवं बैंक संबंधी आवश्यक जानकारी दर्ज करना होगा। पुरस्कार राशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।

नवंबर-दिसंबर में चरणबद्ध होंगे आयोजन

जिला ओलंपिक 2026 के तहत विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवंबर, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर तथा जिला मुख्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।

प्रतियोगिता में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक तथा 4×100 मीटर रिले शामिल हैं। इसके अलावा तीरंदाजी (30 एवं 50 मीटर), बैडमिंटन, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। वहीं सीनियर महिला वर्ग के लिए रस्साकशी को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।

जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से जिला ओलंपिक 2026 में पंजीयन कर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।