शॉल, श्रीफल एवं पेंशन प्रमाण पत्र प्रदान कर किया सम्मानित, सेवाकाल में दिए योगदान को किया याद
बीजापुर – जिला बीजापुर के अंतर्गत व्याख्याता श्री लम्बाड़ी धनन्जय एवं प्रधान पाठक काका शेसाराव के सेवानिवृत्त होने पर कलेक्टर विश्वदीप ने उन्हें सम्मानित करते हुए स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा पेंशन प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।इस अवसर पर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने दोनों कर्मचारियों से उनके सेवाकाल के संबंध में जानकारी ली और शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों एवं योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा में रहते हुए शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है। सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का एक पड़ाव है, लेकिन समाज और शिक्षा के प्रति उनका अनुभव एवं मार्गदर्शन आगे भी उपयोगी बना रहेगा।
कलेक्टर ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके सेवाकाल में किए गए कार्यों के लिए बधाई देते हुए कहा कि लंबे समय तक शासकीय सेवा में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना सराहनीय है। उन्होंने दोनों के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना करते हुए परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री लम्बाड़ी धनन्जय एवं प्रधान पाठक काका शेसाराव ने सम्मान एवं शुभकामनाओं के लिए कलेक्टर श्री विश्वदीप के प्रति आभार व्यक्त किया।
