अतिसंवेदनशील मुझिकुटनी में पहुंची परलकोट जनकल्याण संस्था, जागरूकता शिविर में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वास के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक, बच्चों को कॉपी-पेन और महिलाओं को साड़ी का वितरण

पखांजूर – परलकोट जनकल्याण सामाजिक संस्था द्वारा क्षेत्र के अतिसंवेदनशील एवं अंदरूनी इलाकों में सामाजिक सेवा और जनजागरूकता अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में संस्था की टीम ग्राम पंचायत बेलगाल के अतिसंवेदनशील आश्रित ग्राम मुझिकुटनी पहुंची, जहां जागरूकता शिविर आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू होकर उनकी आवश्यकताओं और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ली।

शिविर के दौरान संस्था के सदस्यों ने ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास तथा समाज में व्याप्त विभिन्न रूढ़ियों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अंधविश्वास से दूर रहते हुए शिक्षा, जागरूकता और वैज्ञानिक सोच को अपनाएं। साथ ही बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बच्चों को बांटी शैक्षणिक सामग्री

कार्यक्रम के दौरान मुझिकुटनी के आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले नौनिहाल बच्चों तथा स्कूली बच्चों को कॉपी-पेन सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। संस्था की इस पहल से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और ग्रामीणों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की।

सैकड़ों महिलाओं को साड़ी वितरण

इसी कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत जेवेली एवं ग्राम पंचायत बेलगाल क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं को साड़ी का वितरण भी किया गया। संस्था के सदस्यों ने ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझने का प्रयास किया। महिलाओं ने भी संस्था के सदस्यों का अपने बीच पहुंचने और सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य कर रही संस्था

अतिसंवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। स्कूली बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों ने परलकोट जनकल्याण सामाजिक संस्था के सदस्यों को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंदों की मदद करना और सामाजिक जागरूकता फैलाना सराहनीय पहल है।

परलकोट जनकल्याण सामाजिक संस्था द्वारा लगातार क्षेत्र के दूरस्थ एवं जरूरतमंद इलाकों में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संस्था के इन सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों की क्षेत्र में लगातार प्रशंसा हो रही है। ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने के चलते संस्था अपने सामाजिक उत्कृष्ट कार्यों को लेकर क्षेत्र में सुर्खियों में बनी हुई है।