धनवार चेक पोस्ट में हुआ सघन जांच, यात्री बसों से वसूल हुआ ₹45,600 का जुर्माना

वाड्रफनगर – छत्तीसगढ़ परिवहन मुख्यालय, इंद्रावती भवन नवा रायपुर के निर्देश पर प्रदेशभर में यात्री बसों की नियमित एवं सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चेक पोस्ट धनवार, जिला बलरामपुर में विशेष जांच अभियान संचालित किया गया।जांच के दौरान बसों के वैध परमिट, दस्तावेजों तथा परिवहन नियमों का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण में कई बसों में वैध परमिट संबंधी अनियमितताएं, किराया सूची प्रदर्शित नहीं होना, टिकट का नियमानुसार प्रदर्शन नहीं होना सहित अन्य त्रुटियां पाई गईं।

सघन जांच में 8 बसें परमिट की शर्तों का उल्लंघन करती पाई गईं। प्रत्येक बस पर ₹5,000 के मान से कुल ₹40,000 की चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन पर 8 बसों पर कुल ₹5,600 का अतिरिक्त चालान किया गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल ₹45,600 की चालानी कार्रवाई की गई।इस जांच अभियान में चेक पोस्ट धनवार प्रभारी महेश कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक अभय, उप निरीक्षक सरवन तथा प्रधान आरक्षक यतीन्द्र कुमार ने सक्रिय सहभागिता निभाई।जांच के उपरांत सभी बस संचालकों एवं वाहन चालकों को शासन द्वारा निर्धारित परिवहन नियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने, वैध दस्तावेजों के साथ वाहनों का संचालन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुरक्षित, व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।