गरियाबंद – छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया है कि VSK ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षक संगठनों और शिक्षकों द्वारा उठाई गई शिकायतों को गंभीरता से लिया है तथा सभी तकनीकी त्रुटियों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को 15 अगस्त 2026 तक VSK ऐप की सभी तकनीकी खामियों को दूर कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाने का लक्ष्य दिया गया है, ताकि शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग 1.75 लाख शिक्षकों में से करीब 1.5 लाख शिक्षक (करीब 85 प्रतिशत) प्रतिदिन VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह शिक्षकों द्वारा नई तकनीक को अपनाने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान का प्रमाण है।
शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों के सहयोग, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर VSK ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई आती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा।
अंत में शिक्षा मंत्री ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की भांति VSK ऐप का उपयोग जारी रखें तथा किसी भी तकनीकी समस्या या सुझाव की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं, ताकि आवश्यक सुधार कर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक तकनीक-सक्षम बनाया जा सके।
VSK ऐप की तकनीकी त्रुटियों से किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा, 15 अगस्त तक होगा समाधान: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव
