गरियाबंद – पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पाण्डुका में आयोजित भुवनेश्वर संभागीय तीन दिवसीय क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में रायपुर क्लस्टर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि बिलासपुर क्लस्टर उपविजेता रहा।प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य महिमा सिन्हा एवं शिक्षकों की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और सीजीएफआई के नियमों का पालन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।प्रतियोगिता का समन्वयन विद्यालय के खेल शिक्षक लेखराम एवं शिक्षिका कल्पना बोरकर ने किया। वहीं जिला कबड्डी एसोसिएशन गरियाबंद के मुख्य रेफरी तथा निर्णायक मंडल में मिथलेश साहू एवं उनकी टीम ने निष्पक्ष निर्णय की जिम्मेदारी निभाई।प्रतियोगिता में रायपुर, बिलासपुर, संबलपुर और कटक क्लस्टर की टीमों ने भाग लिया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में कुल 192 खिलाड़ियों (96 बालक एवं 96 बालिकाओं) ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी मुकाबले सुपर लीग प्रारूप में आयोजित किए गए, जिससे प्रत्येक टीम को अन्य सभी टीमों के खिलाफ खेलने का अवसर मिला।समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्राचार्य महिमा सिन्हा तथा अमर राहुजा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन के सफल संचालन और खिलाड़ियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन की सभी अतिथियों ने सराहना की।
