किरंदुल – कारगिल विजय दिवस पर एनएमडीसी किरंदुल परियोजना में श्रमिकों के हितों के लिए संचालित श्रमिक संघ मेटल माइन वर्कर्स यूनियन इंटक ने गांधी भवन श्रमिक सदन में कारगिल युद्ध में शहीद हुए भारतीय सेना के जवानों के पराक्रम और उनके बलिदानों को नमन करते हुए श्रदांजलि दी । इस दौरान चर्चा करते हुए इंटक किरंदुल के सचिव ए के सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत के गौरव, वीरता, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का पावन दिवस है। वर्ष 1999 में इसी दिन भारतीय सेना के वीर जवानों ने अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और अटूट राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त कर कारगिल की दुर्गम चोटियों पर पुनः तिरंगा शान से फहराया था। मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का ऋण राष्ट्र कभी नहीं चुका सकता। उनका त्याग, समर्पण और बलिदान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।इन्हीं अमर वीर सपूतों की पावन स्मृति में मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन इंटक किरंदुल शाखा द्वारा श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया ।इस दौरान इंटक के अध्यक्ष विनोद कश्यप ,सचिव ए के सिंह ,किरंदुल परियोजना के महाप्रबंधक सुब्रमण्यम ,किरंदुल पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी ,पार्षद बालसिंह कश्यप ,पार्षद इला पटेल ,एवं इंटक के सदस्य उपस्थित रहे ।
