राजिम – गरियाबंद जिले की राजिम पुलिस ने खेत से समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम धमनी निवासी मुकेश सोनवानी ने थाना राजिम में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत में रखे 3 एचपी के समर्सिबल पंप और करीब 150 मीटर केबल वायर को अज्ञात चोर मोटर पंप कक्ष का ताला तोड़कर चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धमनी के लक्की उर्फ चंद्रकांत तारक और हर्ष यादव चोरी किए गए समर्सिबल पंप व केबल वायर को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने किरवई क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 23 जुलाई 2026 को मुकेश सोनवानी के खेत में बने मोटर पंप कक्ष का ताला तोड़कर समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया समर्सिबल पंप एवं केबल वायर बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की उर्फ चंद्रकांत तारक (19 वर्ष) एवं हर्ष यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम धमनी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305 एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
बरामद सामग्री
समर्सिबल पंप
लगभग 150 मीटर केबल वायर
