रुद्राक्ष पौधारोपण में शामिल हुए विधायक रोहित साहू
राजिम :- छत्तीसगढ़ सनातन दशनाम गोस्वामी समाज के तत्वावधान में राजिम स्थित पदमा (शीतला) तालाब परिसर में रुद्राक्ष पौधारोपण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं सनातन संस्कृति के प्रति जनजागरण का संदेश देना रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू थे। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाज के संरक्षक उमेश भारती, प्रांतीय अध्यक्ष काशीपुरी कुंदन, समाज संयोजक राजेंद्रपुरी गोस्वामी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकार, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू तथा भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि रुद्राक्ष का पौधा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण और मानव जीवन के संतुलन का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, जल और हरित वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण कर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ सनातन दशनाम गोस्वामी समाज द्वारा किए जा रहे इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज द्वारा धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान अनुकरणीय है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि राजिम के समग्र विकास को नई गति मिली है। राजिम विधायक रोहित साहू के प्रयासों से नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाकर नगर पालिका बनाया गया, जिससे नगर के विकास कार्यों को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि पदमा (शीतला) तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इसके साथ ही लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से चौपाटी निर्माण, नदी किनारे नवीन मेला मैदान तक फोर-लेन सड़क तथा इसी तट पर मां राजिम की भव्य कांस्य प्रतिमा निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुआ है। इन विकास कार्यों से राजिम की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान और अधिक सशक्त होगी।कार्यक्रम का संचालन काशीपुरी कुंदन ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं समाजजनों ने रुद्राक्ष के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर लिली साहू, कामेश्वर गोस्वामी, रामकुमार गिस्वामी पार्षद गण आकाश राजपूत, भरत यादव, बलराम निषाद, तुसार कदम, उत्त्तम निषाद सहित समाज के पदाधिकारी नगर वासी उपस्थित थे।
