दुर्ग-भिलाई :- दुर्ग-रायपुर मार्ग पर गुरुवार सुबह करीब सवा दस बजे सड़क दुर्घटना में एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में आठ साल का एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, उतई के रहने वाले एक परिवार के पाँच सदस्य स्कूटी पर सवार होकर रायपुर में अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। कुम्हारी थाना इलाके में हाईवे के किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे ट्रैक्टर से उनका दोपहिया वाहन टकरा गया। इस टक्कर में स्कूटी चला रही अमृता निर्मलकर (28 वर्ष), उनकी छोटी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष), और अमृता की दो बेटियां याचना (7 वर्ष) और डाली (4 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं अमृता के आठ वर्षीय बेटे भावेश को गंभीर चोटें आई हैं। उसे आनन-फानन में रायपुर एम्स ले जाया गया, जहां वह अभी आईसीयू में भर्ती है। सबसे गमगीन बात यह रही कि हादसे से ठीक चौबीस घंटे पहले ही परिवार ने याचना का जन्मदिन बड़े उत्साह के साथ मनाया था। रिश्तेदारों से मिलने निकले इस परिवार की सारी खुशियाँ क्षण भर में मातम में बदल गई। घटना की खबर मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सुपेला भेज दिए और परिजनों को सूचना दी। हादसे का कारण बने ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और ड्राइवर से पूछताछ जारी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
