मुख्य चौक से जिला मार्ग तक जलभराव, जाम नालियों ने उजागर की सफाई व्यवस्था की बदहाली

राजिम – लगातार हो रही बारिश ने राजिम नगर पालिका की मानसून पूर्व तैयारियों और सफाई व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर सामने ला दी है। नगर के कई हिस्सों में नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर भर गया है। हालात ऐसे हैं कि प्रमुख मार्ग तालाब का रूप लेते दिखाई दे रहे हैं, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।नगर के हृदय स्थल पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है, उसके कुछ ही दूरी पर गरियाबंद जिले को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर पानी लबालब भरा हुआ है। सड़क पर जमा पानी के कारण राहगीरों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालक फिसलने के डर से धीरे-धीरे वाहन चला रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहनों के गुजरने से पानी उछलकर राहगीरों और आसपास के दुकानदारों तक पहुंच रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा नालियों की नियमित सफाई नहीं कराए जाने के कारण उनमें गाद, प्लास्टिक और अन्य कचरा जमा हो गया है। परिणामस्वरूप बारिश का पानी नालियों से निकलने के बजाय सड़कों पर फैल रहा है। लोगों का आरोप है कि हर वर्ष बरसात के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जाती।व्यापारियों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर जलभराव होने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। वहीं, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को पानी से भरी सड़कों पर चलने में सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।नगरवासियों का कहना है कि यदि मानसून से पहले नालियों की व्यापक सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कर दी जाती, तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब नगर का सबसे प्रमुख चौक और जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला मार्ग ही जलमग्न है, तो अन्य वार्डों की स्थिति का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल जाम नालियों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी कार्ययोजना बनाने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो लगातार हो रही बारिश के बीच स्थिति और गंभीर हो सकती है।बरसात की पहली बड़ी परीक्षा में राजिम नगर पालिका की तैयारियां सवालों के घेरे में नजर आ रही हैं। नगर की सड़कों पर भरा पानी और जाम नालियां यह संकेत दे रही हैं कि सफाई व्यवस्था और मानसून पूर्व तैयारियों के दावों को धरातल पर उतारने की अभी भी बड़ी आवश्यकता है।