‎राजभाषा आयोग द्वारा , ‘माटी के सिरजाय छंद’ पुस्तक का विमोचन

‎छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के माध्यम से छंदकार श्री महेंद्र देवांगन ‘माटी’ की छंदबद्ध कविताओं का संकलन ‘माटी के सिरजाय छंद’ का गरिमामय समारोह में विमोचन हुआ। यह पुस्तक केवल रचनाओं का संग्रह नहीं, बल्कि पिता की वर्षों पुरानी साहित्यिक साधना और स्वप्न का साकार रूप है। उनकी बेटी प्रिया देवांगन ‘प्रियू’ ने अथक परिश्रम और समर्पण से इस स्वप्न को पूर्णता प्रदान की।

‎पिता की साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए प्रियू हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी में लेख, आलेख, छंदबद्ध कविताएँ, कहानियाँ और बाल साहित्य का निरंतर सृजन कर रही हैं। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं और डिजिटल मंचों के माध्यम से उनकी रचनाएँ पाठकों तक पहुँच रही हैं। इस तरह वह पिता की साहित्यिक धरोहर को सहेजने के साथ उसे नई पहचान देने का प्रयास कर रही हैं।

‎विमोचन समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री, संस्कृति मंत्री, शिक्षा मंत्री, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के सचिव एवं प्रांतीय अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति रही।

‎इस अवसर पर प्रियू ने भावुक स्वर में कहा कि “माटी के सिरजाय छंद” उनके लिए केवल पुस्तक नहीं, बल्कि पूज्य पिताजी के वर्षों पुराने स्वप्न और साहित्य-साधना की अमूल्य धरोहर है। गुरुदेव के आशीर्वाद, मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से यह सपना साकार हुआ। यह उनके जीवन का अविस्मरणीय सुख, गर्व और सौभाग्य है।

‎इस उपलब्धि पर साहित्य परिवार के गुरुदेव श्री अरुण निगम,  बलराम चंद्राकर, श्री पूरन जायसवाल, श्रीमती शोभा मोहन श्रीवास्तव,  अजय अमृतांशु, श्रीमती संगीता वर्मा, श्री विजेंद्र वर्मा,  तुषार शर्मा,  अशोक पटेल ‘आशु’ सहित अनेक साहित्यकारों ने बधाई देते हुए प्रियू के उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।

‎