कलेक्टर श्री बीएस उइके ने किया चेक वितरण
गरियाबंद – कलेक्टर श्री बीएस उइके ने अपने कार्यालय कक्ष में गरियाबंद विकासखंड के ग्राम धवलपुर निवासी दिवंगत नितेश साहू की नामांकित हितग्राही श्रीमती सोमा साहू को 02 लाख रुपये की दावा राशि का चेक सौंपा। भारत सरकार की जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा गरियाबंद द्वारा चेक प्रदान किया गया।इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक श्री के.एम. सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है। जिसके तहत मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर दो लाख रुपये का जीवन बीमा सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि दिवंगत नितेश साहू ने बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा गरियाबंद के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में अपना पंजीयन कराया था। उनके आकस्मिक निधन के उपरांत योजना के प्रावधानों के अनुसार उनकी नामांकित सदस्य श्रीमती सोमा साहू को दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि स्वीकृत कर प्रदान की गई।कलेक्टर श्री बीएस उइके ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिले के सभी बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि जरूरत के समय परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्राप्त हो सके। इस दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा गरियाबंद के मुख्य प्रबंधक श्री निगमानंद मेहेर, एफएलसी काउंसलर श्री प्रेमलाल साहू सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
