स्कूली समय में भारी वाहनों पर लगे प्रतिबंध – बैलाडीला प्रेस क्लब ने एसडीएम और थाना प्रभारी को सौपा ज्ञापन

किरंदुल — किरंदुल नगर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बैलाडीला प्रेस क्लब ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। बैलाडीला प्रेस क्लब ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बड़े बचेली एवं थाना प्रभारी किरंदुल को ज्ञापन सौंपकर विद्यालयीन समय के दौरान भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने अथवा उनके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि किरंदुल नगर के बीआईओपी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल, प्रकाश विद्यालय एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित अधिकांश विद्यालयों का संचालन सुबह 7:45 बजे से 8:15 बजे के बीच प्रारंभ होता है। इसी समय बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय छोड़ने के लिए बस स्टैंड से रेलवे रोड तक मुख्य मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे सड़क पर यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। बैलाडीला प्रेस क्लब ने कहा कि इसी दौरान क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में कार्य प्रारंभ होने के कारण हाईवा, ट्रेलर, ट्रैक्टर, बसों एवं मजदूरों को ले जाने वाले वाहनों का आवागमन भी तेज हो जाता है। इससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बनती है और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। बैलाडीला प्रेस क्लब ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रतिदिन सुबह 7:45 बजे से 8:15 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाई जाए या उनके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया जाए, ताकि बच्चे सुरक्षित रूप से विद्यालय पहुंच सकें और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।