बीजापुर – बीजापुर प्रवास के दौरान विधायक नीलकंठ टेकाम ने जिले के पुनर्वास केंद्र का अवलोकन कर वहां रह रहे पुनर्वासित युवाओं से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने युवाओं की दिनचर्या, खान-पान, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा पुनर्वास के बाद उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। पुनर्वास केंद्र पहुंचने पर मुख्यधारा में शामिल हो चुके युवाओं ने विधायक टेकाम का आत्मीय स्वागत किया। युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पुनर्वास कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़ने, आत्मनिर्भर बनने और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है। उन्होंने शासन एवं प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।विधायक नीलकंठ टेकाम ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि समाज की मुख्यधारा में लौटना एक साहसिक और सकारात्मक निर्णय है। उन्होंने युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके जीवन में आया यह परिवर्तन अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं को निरंतर आगे बढ़ने, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रोत्साहित किया। अवलोकन के दौरान विधायक ने पुनर्वास केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और युवाओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पुनर्वासित युवाओं के समग्र विकास एवं आत्मनिर्भरता के लिए संचालित गतिविधियों के संबंध में चर्चा की तथा आवश्यक सुझाव भी दिए।इस अवसर पर कलेक्टर विश्वदीप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन झा सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विधायक को पुनर्वास केंद्र की कार्यप्रणाली, युवाओं के लिए संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा पुनर्वास से जुड़े विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला। विधायक टेकाम ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। पुनर्वासित युवाओं के साथ उनका यह संवाद समाज में सकारात्मक परिवर्तन और पुनर्वास की सफलता का एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।
