गोबरा नवापारा – मानिकचौरी गांव में शुक्रवार सुबह सनसनी फैल गई। यहां एक घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिला, जबकि उसकी छोटी बहन उसी कमरे में बेहोशी की हालत में खाट पर पड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार, मानिकचौरी की रहने वाली भोज बाई रात्रे (58 वर्ष) और मीरा बाई रात्रे (55 वर्ष) दोनों सगी बहनें गांव में रहती थीं। उनके अन्य परिजन रायपुर में रहते हैं। गुरुवार रात दोनों बहनों ने साथ में भोजन किया और सोने चली गईं। शुक्रवार सुबह काफी देर तक घर से कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को शक हुआ।
जमीन पर पड़ी मिली बड़ी बहन की लाश
लोग जब घर के भीतर पहुंचे तो बड़ी बहन भोज बाई जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि छोटी बहन मीरा बाई खाट पर बेहोश मिली। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बेहोश महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस जांच में फिलहाल मृतका के शरीर पर चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं।
गर्मी, दम घुटने की आशंका
गांव में भीषण गर्मी और बंद कमरे में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं अविवाहित थीं, पर पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है। मृतका के भाई-भतीजे रायपुर से मानिकचौरी पहुंच रहे हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही है। असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। अभनपुर पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
