जाड़ापदर की बेटी लीना नागेश सबस्पेक्टर बनकर पहुंची गांव तो पूरे ग्रामीणो ने रैली निकाल किया ऐतिहासिक स्वागत

मैनपुर – तहसील मुख्यालय मैनपुर से 03 किमी दूर छोटे से गांव जाड़ापदर के लिए गौरव का क्षण उस समय आया, जब गांव की बेटी लीना नागेश का चयन उप निरीक्षक एसआई पद पर हुआ और आज शुक्रवार को वर्दी पहनकर जैसे ही वह गांव पहुंची, पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया ग्रामीणो ने फुलमाला गाजे बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया साथ ही ग्रामीणों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने लीना को बधाई देते हुए इसे गांव की बड़ी उपलब्धि बताया। लीना नागेश ऐसे परिवार से आती हैं, जहां सामाजिक सेवा और नेतृत्व की मजबूत परंपरा रही है। उनके माता वर्तमान में जाड़ापदर ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। परिवार के सहयोग, मेहनत और संघर्ष के बल पर लीना ने यह सफलता हासिल कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

लीना की माता ने भावुक होते हुए कहा – आज मेरी बेटी ने एसआई पद की परीक्षा पास कर घर पहुंची है, जिससे पूरे घर में खुशी का माहौल है और परिवार को उस पर गर्व है। जाड़ापदर गांव के सभी युवा, बुजुर्ग और सियान हमारे घर पहुंचकर मेरी बेटी लीना नागेश को बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहे हैं, इसके लिए मैं सभी का आभार व्यक्त करती हूं। गांव के वरिष्ठ नागरिक यशवंत बघेल, कोसिंग नेताम ने कहा कि यह केवल जाड़ापदर गांव ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि लीना की सफलता से क्षेत्र की अन्य लड़कियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी बड़े पदों तक पहुंचने का सपना देखेंगी। वहीं क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम, मैनपुर सरपंच हनिता नायक, आदिवासी नेता महेन्द्र नेताम व क्षेत्र के वरिष्ठजन भी लीना नागेश के निवास पहुंचीं और लीना सहित पूरे परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता समाज के लिए प्रेरणादायक होती है और लीना ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।