पितईबंद रेत घाट पर प्रशासन का बड़ा एक्शन 

अवैध परिवहन मार्ग खोदा, रेत माफियाओं में हड़कंप

राजिम :- गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पितईबंद स्थित महानदी रेत घाट पर लंबे समय से अवैध रेत माफियाओं का काला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा था। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं कि रात में जेसीबी और हाईवा के जरिए नदी से अंधाधुंध रेत का अवैध खनन कर परिवहन किया जा रहा है।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग हरकत में आया। विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ पितईबंद रेत घाट पर छापामार कार्रवाई की। मौके पर जांच में अवैध उत्खनन के सबूत मिलने पर विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए रेत परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे मार्ग को जेसीबी से खुदवा दिया। मार्ग खोदे जाने से अब हाईवा और ट्रैक्टरों का आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि इस घाट से रोजाना लाखों रुपये की रेत का अवैध कारोबार हो रहा था। खनन से महानदी के घाटों का प्राकृतिक स्वरूप भी बिगड़ रहा था और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था।

खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में कहीं भी अवैध रेत उत्खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी ऐसे घाटों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि अवैध खनन की सूचना तुरंत विभाग को दें। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।