कलेक्टर  विनय कुमार लंगेह ने उद्योग संचालकों की ली बैठक

महासमुंद – जिले में गहराते पेयजल संकट से प्रभावी ढंग से निपटने एवं जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से आज शाम कलेक्टर  विनय कुमार लंगेह ने जिले में स्थापित विभिन्न उद्योग इकाइयों के संचालकों एवं अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता, जल संरक्षण एवं वैकल्पिक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि वर्तमान ग्रीष्मकाल में जिले के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति निर्मित हो रही है। ऐसे समय में उद्योगों की सामाजिक सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने उद्योग संचालकों से जल संरक्षण एवं पेयजल व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। इस पर मौजूद उद्योग संचालकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि वे पेयजल संकट की स्थिति में प्रशासन के साथ खड़े हैं तथा जनहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।बैठक में सरायपाली, बसना, पिथौरा एवं महासमुंद के विभिन्न क्षेत्र में बोर खनन एवं मरम्मत कराने, आवश्यकतानुसार पेयजल उपलब्ध कराने तथा जल संचयन संबंधी गतिविधियों में सहयोग करने पर सहमति बनी। उद्योग संचालकों ने “जल संचयन-जल भागीदारी” अभियान में भी सक्रिय सहभागिता निभाने की बात कही। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, उद्योग विभाग के अधिकारी एवं जिले के विभिन्न उद्योग इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।