ग्राम सेंम्हाराडीह के पशुपालक किसान जीवन लाल वर्मा

पशुपालन के साथ-साथ जैविक कृषि को कर रहे प्रोत्साहित

गरियाबंद – ग्राम सेंम्हराडीह के किसान जीवन लाल वर्मा के बेटे ओमप्रकाश वर्मा अपने पिता के मार्गदर्शन में शासन के महत्वकांक्षी योजनाओं का लाभ लेकर पशुपालन के साथ-साथ पशुओं के अपशिष्ट पदार्थों से गैस निर्माण एवं उनके अपशिष्ट तरल से जैविक कृषि कर आत्मनिर्भर हो रहे है। उन्होंने बताया कि डेयरी विकास योजना अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक से 12 लाख रूपये का ऋण लेकर उन्होंने लगभग 9 लाख रूपये की रकम से 8 अच्छी नस्ल की गाय खरीदी। जिसमें साहीवाल, एच एफ, जर्सी, गिर नस्ल शामिल है। उन्होंने लगभग 1 लाख रूपये की एक गाय खरीदी। जिसके रख-रखाव के लिए बाकी बचे पैसे से शेड निर्माण, बोर उत्खनन, सप्लाई पानी टंकी निर्माण वर्मी कंपोस्ट टैंक बनवाया। उन्होंने बताया कि एक गाय प्रतिदिन 16 से 20 लीटर दूध देती है। जिसको देवभोग दूध संग्रहण केंद्र में 23 से 27 रु प्रति लीटर की दर से विक्रय कर आमदनी अर्जित करते है।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि क्रेडा विभाग से गोबर गैस निर्माण के लिए टैंक में गैस का निर्माण किया जा रहा है। जिससे अब घरों में एलपीजी गैस की आवश्यकता नहीं होती। बचे अपशिष्टों को पानी में घोलकर खेतों में बुवाई के पहले छिड़काव कर दिया जाता है। जो कंपोस्ट खाद का काम करती है। इसके अलावा उन्होंने जल संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल करते हुए रागी की खेती शुरू की है। जिससे जल संरक्षण तो हो रहा है साथ-साथ दलहन-तिलहन को भी बढ़ावा दे रहे है।