नगर में एयरटेल मोबाइल टावर का विरोध, रहवासियों में बढ़ी स्वास्थ्य को लेकर चिंता 

नवापारा राजिम – नगर के वार्ड क्रमांक 4 में प्रस्तावित एयरटेल मोबाइल टावर को लेकर स्थानीय रहवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर टावर लगाया जा रहा है, वह अब घनी आबादी वाला इलाका बन चुका है, जबकि पहले यहां आबादी कम थी। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पहले इसी क्षेत्र के पास रिलायंस जिओ का टावर लगाया गया था, लेकिन समय के साथ यहां जनसंख्या में काफी वृद्धि हो गई है। अब आसपास मकान और एक निजी स्कूल भी संचालित हो रहा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।रहवासियों का आरोप है कि मोबाइल टावर से निकलने वाले रेडिएशन से गंभीर बीमारियों का खतरा हो सकता है। इसी आशंका के चलते बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौके पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और टावर को हटाने की मांग कर रहे हैं।विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र और स्कूल के पास टावर लगाना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर टावर स्थापना पर रोक लगाई जाए और जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाए। वहीं, टावर लगाने वाली कंपनी का पक्ष है कि सभी आवश्यक अनुमति और नियमों का पालन करते हुए ही टावर स्थापित किया जा रहा है। कंपनी का दावा है कि यह टावर पूरी तरह सुरक्षित है और इससे किसी प्रकार का स्वास्थ्य खतरा नहीं है। इसके बावजूद क्षेत्रवासियों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस मामले में कार्रवाई कर उनकी चिंताओं का समाधान करने की अपील की है।