गरियाबंद में माई भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

गरियाबंद – कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी गरियाबंद तथा जिला सलाहकार समिति (माई भारत) के अध्यक्ष श्री बीएस उइके के निर्देशानुसार आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। माई भारत के सहायक संचालक  रमन पटेल ने बैठक में जिले में मेरा युवा भारत पोर्टल पर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिकतम युवाओं के पंजीयन, विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय तथा वार्षिक कार्ययोजना के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक  दीनबंधु ध्रुव, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री डीपी ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपने-अपने विभाग, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, गैर-सरकारी संगठनों तथा अन्य ज्ञान संस्थानों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं का माई भारत पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। साथ ही प्रत्येक विभाग एवं संस्था से माई भारत गतिविधियों के प्रभावी संचालन हेतु समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।बैठक के दौरान वार्षिक कार्य योजना के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले लर्निंग प्रोग्राम एवं अन्य कोर प्रोग्राम के सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों की भूमिका एवं उत्तरदायित्व निर्धारित किए गए। युवाओं को प्रशासनिक, न्यायिक, औद्योगिक, तकनीकी, सामाजिक एवं विकासात्मक संस्थाओं से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर सहमति व्यक्त की गई। माई भारत पोर्टल पर चल रहे इंटेंसिव रजिस्ट्रेशन ड्राइव के पोस्टर विमोचन किया गया । बैठक में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कौशल विकास, स्काउट एंड गाइड, उच्च शिक्षा विभाग, लीड बैंक अधिकारी, एनएसएस जिला संगठक, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी, संस्कृति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, माई भारत एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।