पिता के निधन के बाद मां के संघर्ष से मिली ताकत, दोनों ने देशभर में बढ़ाया प्रदेश का मान
बालोद – Powerlifting Sports Organization (पावरलिफ्टिंग खेल संगठन – पीएसओ) द्वारा 2 से 4 अप्रैल तक आगरा, उत्तरप्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बालोद के भाई-बहन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। भूमि नेभवानी ने 63 किलोग्राम सब-जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीतते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, वहीं उनके भाई यश सिंह नेभवानी ने 59 किलोग्राम जूनियर वर्ग में रजत पदक हासिल किया।भूमि ने कुल 152.5 किलोग्राम वजन उठाया, जबकि यश ने 227.5 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों इससे पहले राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी पदक जीत चुके हैं।दोनों खिलाड़ी स्वर्गीय श्री होला राम सिंह राजपूत (नेभवानी) के पौत्र-पौत्री हैं, जो अपने समय के वरिष्ठ एवं जनप्रिय राजनेता रहे हैं। उनके पिता स्वर्गीय श्री देवानंद सिंह नेभवानी कराटे प्रशिक्षक थे, जिनका निधन बचपन में ही हो गया था। इसके बाद उनकी माता श्रीमती हिमांशी देवानंद नेभवानी ने संघर्ष कर दोनों का पालन-पोषण किया।
वर्तमान में यश सिंह भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के सोशल मीडिया प्रभारी हैं। उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।
