आबकारी विभाग की कार्रवाई, 18 किग्रा अवैध गांजा एवं एक ट्रक जप्त

महासमुंद – जिले में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सतत कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में आज जिला आबकारी अधिकारी  सुनील कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 18.285 किलोग्राम अवैध गांजा तथा एक 14 चक्का ट्रक जप्त किया है।कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम में आबकारी उपनिरीक्षक  मिर्जा जफर बैग वृत्त सरायपाली,  हृदय कुमार त्रिपुड़े वृत्त सांकरा,  नीरज कुमार साह वृत्त पिथौरा तथा  अनिल कुमार झरिया वृत्त महासमुंद ग्रामीण की संयुक्त टीम द्वारा बैतारी स्थित एनएच-53 के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक 14 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में सवार आरोपी ईरफान गौरी के पास से 18.285 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (पप) (सी) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आबकारी विभाग द्वारा आरोपी को रिमांड पर लेकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आबकारी अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।