SLR, INSAS, BGL लॉन्चर समेत बड़ी मात्रा में गोला-बारूद जब्त; महीने भर से अलग-अलग इलाकों से लगातार मिल रहे हथियारों के डंप
बीजापुर – जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। थाना बेदरे क्षेत्र के ग्राम लंका पहाड़ी के जंगल में सर्चिंग एवं डिमाइनिंग अभियान के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डंप का पता चला। सुरक्षा बलों ने मौके से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद एवं अन्य सामग्री बरामद की है. बरामद हथियारों में एक SLR/LMG रायफल, एक INSAS रायफल, एक .315 बोर बंदूक, दो BGL लॉन्चर, 17 BGL सेल और एक चाइना हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। इसके अलावा 49 SLR राउंड, .315 बोर के 15 राउंड, 15 BGL कारतूस, चार SLR मैगजीन तथा एक .315 बोर मैगजीन भी बरामद की गई है.
सुरक्षा बलों के अनुसार, सर्चिंग के दौरान डिमाइनिंग कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। बरामद हथियार एवं अन्य सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के साथ डंप को छिपाकर रखने वालों की पतासाजी की जा रही है।
*सितंबर में लगातार मिल रहे माओवादी डंप*
महीने भर में बीजापुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई के दौरान पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार एवं अन्य सामग्री के डंप बरामद हुए हैं।
20 सितंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से AK-47, .315 बोर हथियार, सिंगल शॉट पिस्टल सहित जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद किए गए।
16 सितंबर को थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा जंगल से .315 बोर रायफल, 49 जिंदा राउंड, .303 के 25 जिंदा राउंड, 12 बोर के 49 जिंदा राउंड, करीब 8 किलोग्राम जिलेटिन, वॉकी-टॉकी सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए।
10 सितंबर को थाना मिरतुर क्षेत्र के इंद्रिपाल जंगल में अलग-अलग स्थानों से नॉन-इलेक्ट्रिकल वायर के सात बंडल, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद किए गए।
वहीं 1 सितंबर को थाना भोपालपटनम क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल से माओवादी डंप से 12 बोर का देशी कट्टा, एक BGL लॉन्चर, आठ BGL सेल, 12 बोर के 10 जिंदा राउंड सहित अन्य सामग्री बरामद की गई थी।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जंगलों में माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री की बरामदगी का सिलसिला जारी है।
