गरियाबंद – जिले में कलेक्टर भगवान सिंह उईके के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में गरियाबंद जिले की आबकारी टीम द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। राजिम सर्कल अंतर्गत गश्त के दौरान बरेठिन कोना जंगल क्षेत्र से 75 बल्क लीटर अवैध कच्ची महुआ मदिरा एवं 900 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर जब्त किया गया। मौके पर महुआ लाहन को नष्ट किया गया। इस प्रकरण में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2011) की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। अज्ञात आरोपी की पतासाजी जारी है।
इसी क्रम में एक अन्य कार्रवाई में वृत्त गरियाबंद अंतर्गत गश्त के दौरान पंटोरा के जंगल में 85 बल्क लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। इस प्रकरण में भी अज्ञात आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2011) की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों की पतासाजी जारी है।
उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री लालजी दीवान, आबकारी उपनिरीक्षक श्री नागेशराज श्रीवास्तव, रजत चंद ठाकुर, हितेश कुमार भोई, आबकारी आरक्षक पितांबर चौधरी, नगर सैनिक संजय नेताम, मनीष कश्यप, महिला नगर सैनिक हेमाबाई साहू, कल्पना धु्रव, वाहन चालक शैलेन्द्र कश्यप तथा गोवर्धन सिन्हा शामिल थे।
