फिंगेश्वर:– शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजली में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम मनाया गया. इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य रामनारायण मिश्रा ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भारत में प्रतिवर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है. यह दिन महान वैज्ञानिक सी.वी. रमन द्वारा 1928 में रमन प्रभाव की खोज की स्मृति में मनाया जाता है जिसके लिए उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार मिला था. पूरन लाल साहू (व्याख्याता) ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति आकर्षित और प्रेरित करना तथा जनसाधारण को विज्ञान एवं वैज्ञानिक उपलब्धियों के प्रति सजग बनाना है. विज्ञान के बिना विकास की राह में तीव्रता से आगे नहीं बढ़ा जा सकता है. राष्ट्रीय विज्ञान दिवस विज्ञान से होने वाले लाभों के प्रति समाज में जागरूकता लाने और वैज्ञानिक सोच पैदा करने के उद्देश्य से मनाया जाता है. अतः देश के विकास के लिए वैज्ञानिक सोच का प्रसार आवश्यक है. संतोषी गिलहरे (विज्ञान व्याख्याता) ने कहा कि विज्ञान दिवस का उद्देश्य समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और विज्ञान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. इस मौके पर प्राचार्य रामनारायण मिश्रा,व्याख्याता दिनेश कुमार साहू, पूरन लाल साहू, विनय कुमार साहू,संतोषी गिलहरे,योगेश सोनकर,शिक्षक नकुल राम साहू,रुद्र प्रताप साहू व छात्र छात्राएं उपस्थित थे.
