मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजिम बैराज निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की

 आमजनों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

गरियाबंद –  जिले के राजिम क्षेत्र में महानदी पर प्रस्तावित राजिम बैराज निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह महत्वपूर्ण मांग राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के राजिम प्रवास के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों द्वारा प्रमुखता से रखी गई थी। मुख्यमंत्री द्वारा जनभावनाओं को सम्मान में रखते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। राजिम धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नगरी है। महानदी, पैरी एवं सोंढूर नदी के त्रिवेणी संगम पर स्थित राजिम में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। बैराज निर्माण से नदी में वर्षभर जल भराव सुनिश्चित होगा, जिससे श्रद्धालुओं, साधु-संतों तथा स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ एवं स्थायी जल उपलब्ध हो सकेगा। इससे महानदी के पुनरुद्धार एवं संरक्षण को भी गति मिलेगी।

परियोजना के पूर्ण होने पर पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी। नौकायन, बोटिंग एवं वॉटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों के लिए आवश्यक जल उपलब्ध होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन आधारित आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अतिरिक्त राजिम समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत 136 ग्रामों के लिए सतत जल स्रोत सुनिश्चित होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या के समाधान में सहायता मिलेगी। यह परियोजना जल संरक्षण एवं सतत जल प्रबंधन की दिशा में एक अनुकरणीय पहल के रूप में स्थापित होगी। राजिम बैराज परियोजना से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने के साथ-साथ आमजन की दैनिक सुविधाओं में विस्तार होगा।