जिला जनसम्पर्क कार्यालय बीजापुर (छत्तीसगढ़)
समाचार

बीजापुर/2 मई 2021- जिले में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का कोविड टीकाकरण आज से आरंभ हो गया है। उक्त आयु वर्ग के सभी लोगों का टीकाकरण तीन चरणों में किया जायेगा। प्रथम चरण में अंत्योदय परिवारों के हितग्राहियों का और द्वितीय चरण में बीपीएल परिवारों के हितग्राहियों तथा तृतीय चरण में एपीएल परिवारों के उक्त आयु समूह के लोगों का टीकाकरण किया जायेगा। बीजापुर जिले में आज 2 मई को अंत्योदय परिवारों के 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का कोविड टीकाकरण शुरू किया गया। इस मौके पर प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा प्रभारी मंत्री जिला बीजापुर श्री जयसिंह अग्रवाल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जिला अस्पताल बीजापुर स्थित टीकाकरण केन्द्र में टीकाकरण से लाभान्वित हितग्राही धनोरा निवासी रामनाथ मांझी एवं विजय कुमार और तुमनार निवासी अर्जुन तेलम तथा अन्य हितग्राहियों से चर्चा करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा।

उन्होंने इस दौरान कहा कि राज्य सरकार ने 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के सभी लोगों का निःशुल्क कोविड टीकाकरण किये जाने का निर्णय लिया है। इस ओर टीके की उपलब्धता को ध्यान रखकर सबसे पहले अत्यंत निर्धन परिवारों अर्थात अंत्योदय राशन कार्डधारी परिवारों के उक्त आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने टीका लगाने वाले हितग्राहियों को टीका लगाने के लिए नहीं डरने का आग्रह करते हुए कहा कि निःसंकोच एवं निर्भीक होकर टीका लगाने आगे आयें। टीका लगाने के बाद निर्धारित अवधि तक निगरानी कक्ष में रहें और डॉक्टरों के परामर्श पश्चात घर जायें। घर पर भी जाकर आराम करें और यदि कोई परेशानी हो तो चिकित्सकों से परामर्श अवश्य लेवें। प्रभारी मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों से टीकाकरण अभियान के लिए सक्रिय रूप से सहभागिता निभाने कहा और लोगों को प्रेरित किये जाने पर बल दिया। इस मौके पर जिला अस्पताल स्थित टीकाकरण केन्द्र में मौजूद विधायक एवं उपाध्यक्ष बस्तर विकास प्राधिकरण श्री विक्रम मंडावी ने बताया कि जिले में टीकाकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस दिशा में जिले के सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा लोगों को टीकाकरण करवाने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं कोविड संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात बरतने लोगों को समझाईश दी जा रही है। इस दौरान कलेक्टर श्री रितेश कुमार अग्रवाल द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़कर जिले में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के कोविड टीकाकरण हेतु तैयार कार्ययोजना की जानकारी से अवगत कराया गया। वहीं अंत्योदय परिवारों के उक्त आयु समूह के लोगों के टीकाकरण के बारे में जानकारी दी। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जिले में कोविड संक्रमण से बचाव एवं नियंत्रण तथा उपचार व्यवस्था सम्बन्धी विस्तृत जानकारी दी।इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री शंकर कुड़ियम सहित अन्य जनप्रतिनिधी तथा एसडीएम बीजापुर श्री देवेश ध्रुव, सीएमएचओ डॉ बीआर पुजारी, सिविल सर्जन डॉ अभय प्रताप और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि जिले में अंत्योदय परिवारों के 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण के लिए पहले चरण में जिला अस्पताल बीजापुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैरमगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भोपालपटनम और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आवापल्ली को टीकाकरण केन्द्र बनाया गया है। इसके साथ ही अन्य टीकाकरण केन्द्रों में टीकाकरण हेतु आवश्यक तैयारी की जा रही है, जिससे चरणबद्ध ढंग से टीकाकरण को संचालित किया जायेगा। वर्तमान में जिले के सभी टीकाकरण केन्द्रों पर 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों का टीकाकरण पूर्ववत जारी है।
