किरंदुल — छत्तीसगढ़ शासन के पशुधन विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग अधिनियम 2005 (यथा संशोधित) के नियम 16-क के प्रावधानानुसार जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति की गई है। विकासखंड कुआकोंडा के लिए किरंदुल के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार रामकृष्ण बैरागी को अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। नकुलनार के अनिकेत चौहान, पवन सिँह राठौर, विश्वजीत सिँह राठौर को सदस्य नियुक्त किया गया है। गठित समिति द्वारा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग अधिनियम 2004 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के क्रियान्वयन हेतु कार्य किया जायेगा। गौसेवा आयोग के ब्लॉक अध्यक्ष के पद पर रामकृष्ण बैरागी एवं अन्य सदस्यों की नियुक्ति पर नगर के समाजसेवियों, गौसेवकों द्वारा हर्ष व्यक्त किया गया है। बधाई की इस ही कड़ी में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला दंतेवाड़ा के जिला संयोजक एवं बैलाडीला प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ ० राजेन्द्र सक्सेना ने भी अपने पत्रकार साथी राम कृष्ण बैरागी को मिली इस जिम्मेदारी पर कहा कि किरंदुल नगर के वरिष्ठ पत्रकार और छ०ग० श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला दंतेवाड़ा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैरागी को मिले इस पद से पूरा किरंदुल नगर गौरांवित हुआ है ।
