नदी में पुलिया बनना जरूरी , गांव पंहुचने के दौरान ग्रामीणों की जान जोखिम में।
बीजापुर के जिला पंचायत सदस्य मैथ्यूज कुजूर सहित ग्राम पंचायत कान्दूलनार और चिननाकवाली के ग्रामीणों ने पुलिया एवं सड़क निर्माण की गंभीर समस्या को लेकर जिला प्रशासन से तत्काल कार्यवाही की मांग की है। जिला पंचायत सदस्य कुजूर सहित ग्रामीणों ने आवेदन सौंपकर बताया कि पुलिया के अभाव में रोजमर्रा की जिंदगी दूभर हो गई है। बरसात में नदी पार करना जानलेवा साबित हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार बीते 3 सितंबर 2025 को बीजापुर से लौटते वक्त एक महिला तेज बहाव वाली नदी को पार कर रही थी, इसी दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है। ग्रामीणों ने कहा कि पिछले पांच सालों से पुलिया निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
कुजूर ने कहा कि पुलिया न होने से न केवल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि बीमारों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा भी नहीं मिल पा रही। वहीं, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को नदी पार करना और भी जोखिम भरा हो गया है।
ग्राम पंचायत कान्दूलनार के सरपंच एवं चिननाकवाली के उपसरपंच व ग्रामीणों ने आवेदन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द पुलिया एवं सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि समस्या का तत्काल समाधान कर ग्रामीणों के जीवन को सुरक्षित बनाया जाए।
