भाजपा संगठन महापर्व में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को मिला “सदस्यता रत्न” सम्मान।

रायपुर – भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “संगठन महापर्व” के अंतर्गत प्राथमिक सदस्यता अभियान का आयोजन नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर भाजपा संगठन के प्रति समर्पित सेवाओं और सक्रिय योगदान के लिए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को “सदस्यता रत्न” सम्मान से अलंकृत किया गया। पत्रकारों से बातचीत में डॉ. अग्रवाल ने भावुक होते हुए कहा, “मेरा परिवार, भाजपा परिवार।” उन्होंने इस सम्मान को समर्पित भाव से उन हजारों कार्यकर्ताओं को समर्पित किया, जिन्होंने सदस्यता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में 10,000 से अधिक लोगों ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की, जो राज्य के लक्ष्य की सिद्धि में एक महत्वपूर्ण योगदान रहा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के हाथों यह सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. अग्रवाल ने इस क्षण को “संगठन के प्रति निष्ठा और सेवा भावना की स्वीकृति” बताया। उन्होंने भाजपा के 2024 सदस्यता अभियान की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि कहा, जिसमें प्रदेश में 60 लाख नए सदस्यों को जोड़ा गया। डॉ. अग्रवाल ने इस सफलता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक प्रयास के बिना संभव नहीं था और संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह सम्मान मेरे नहीं, हम सबके प्रयासों की पहचान है।” इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री विजय शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, संगठन मंत्री पवन साय और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू समेत अनेक मंत्री, विधायक और वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।