दंतेवाड़ा में गोस्वामी तुलसीदास जयंती पर राज्य स्तरीय आयोजन।

रामचरित मानस के रचयिता तुलसीदास का किया स्मरण।

राज्य भर से पहुंचे मानस मर्मज्ञ।

किरंदुल / दंतेवाड़ा — श्रीरामचरित मानस जैसा पावन ग्रन्थ रचकर विश्व को उपहार देने वाले गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती पर दंतेवाड़ा में राज्य स्तरीय समारोह गुरुवार को आयोजित हुआ। मेंडका डोबरा मैदान के मंच पर यह गरिमामय आयोजन श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़ की जिला इकाई के तत्वावधान किया गया। इस अवसर पर प्रातःकाल प्रभातफेरी निकाली गई। इसके बाद अतिथियों ने मां दंतेश्वरी, भगवान श्रीराम व गोस्वामी तुलसीदास के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर ध्वजारोहण किया। मंगलाचरण के उपरांत विभिन्न मंडलियों ने गोस्वामी तुलसीदास की रचनाओं व राम चरित मानस की चौपाइयों का सस्वर पाठ किया व तुलसीदास जी के जीवन चरित पर आख्यान प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व कांकेर सांसद मोहन मंडावी, प्रतिष्ठान के अध्यक्ष जगदीश देशमुख, महासचिव राजेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद अध्यक्ष सुनीता भास्कर, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता भी शामिल हुए। विधायक चैतराम अटामी ने आयोजन पर प्रसन्नता जाहिर करते कहा कि रामचरित मानस का मर्म समझकर इसे अपने जीवन मे उतारने की जरूरत है। इस महान ग्रंथ में जीवन के हरेक पहलु के लिए कुछ न कुछ लिखा गया है। भगवान राम ने सांसारिक होकर लीला रची। उन्हें हम अपने हृदय में धारण करें, तो निश्चित रूप से भव सागर से तर जाएंगे। दिव्य जीवन संघ आश्रम गुमरगुंडा के संचालक स्वामी विशुद्धानंद सरस्वती ने कहा कि जिनके भाग्य में होता है, वही ऐसे आयोजन में पहुंच पाते हैं। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि है, यह हमारे लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम का समापन रामायण आरती व राष्ट्रगान के साथ हुआ।

*10 विधाओं में मिलेगा अलंकरण*
श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान के महासचिव राजेन्द्र ठाकुर ने प्रतिष्ठान द्वारा जल्द ही अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें 10 अलग-अलग क्षेत्रों में वार्षिक अलंकरण दिए जाएंगे। साथ ही मानस मंजूषा पत्रिका प्रकाशित की जाएगी, जिसमें मानस मंडलियों की उपलब्धियां प्रकाशित की जाएंगी। कार्यक्रम में तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़ की राज्य व जिला इकाई के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।

*नन्हें कलाकारों ने मन मोहा*
इस आयोजन में श्रीराम आदर्श प्रचार मंच कबीरमठ नादिया, जिला राजनांदगांव की प्रस्तुति के दौरान 4 वर्षीय नन्ही बच्ची मोक्षिता साहू की तन्मयता से प्रभावित होकर अतिथियों ने उसे नगद व अन्य पुरस्कारों से नवाजा। इसी तरह दुर्ग जिले के रेंगा कठेरा, गुंडरदेही से पहुंची राम सागर मानस मंडली में 6 वर्षीय वाणी साहू द्वारा तबला वादन करते हुए अपनी गायिका माता के साथ जुगलबंदी को भी लोगों ने सराहा।