25 जुलाई को होगी बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन की चुनावी आमसभा .
किरंदुल – दक्षिण बस्तर में ट्रक मालिकों की सबसे बड़ी संस्था बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन यानी बिटीओ के एक वर्षीय चुनाव की तिथि के नजदीक आते ही बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के सदस्यों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो चली है ।साथ ही पूर्व और वर्तमान कमेटी के सदस्यों में आरोप प्रत्यारोप का दौर भी मीडिया के माध्यम से जारी हो गया है । उल्लेखनीय हैं कि बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन बिटीओ का पिछला एक वर्षीय चुनाव विगत वर्ष 31 जुलाई को भारी भरकम हंगामे के बीच संपन्न हुआ था । नए बन रहे राजनेतिक चुनावी सरगर्मियां को लेकर एक बात यह भी सामने आ रही है कि वर्तमान कार्यकारिणी सदस्यों के द्वारा इस बीत रहे एक साल में एक भी आमसभा का ना होना भी बिटीओ के सदस्यों में एक नाराजगी का कारण बना हुआ था । नगर में जारी बरसाती बौछारों के बीच चल रही चर्चा और मिली जानकारी के अनुसार बिटीओ के वर्तमान पदाधिकारियो के द्वारा 25 जुलाई को बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के सभागार में आमसभा बुलाने की तैयारी दिख रही है । अब देखने लायक बात यह होगी कि बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन में 31 जुलाई के पूर्व मतदान प्रणाली से चुनाव करवाने की मांग पर मुहर लगती है या पूर्व के वर्षो की ही भांति आगामी चुनाव तक फिर से एक बार सुपर कमेटी को चार्ज देते हुए बिटीओ का कार्यभार सौपा जाएगा । सियासी नजरिए के हिसाब से अगर 25 जुलाई को प्रस्तावित आमसभा में चुनाव करवाने पर सहमति नहीं बनती है और अगर इस दौरान चुनावी असमंजस की स्थिति पैदा होती है तो बिटीओ के पूर्व के कार्यकालों या बिटीओ के इतिहास पर नज़र डालें तो यह भी हो सकता है कि पूर्व के वर्षों की ही भांति आगामी चुनाव तक बिटीओ के वरिष्ठ सदस्यों की एक सुपर कमेटी बना कर आगामी चुनाव तक सुपर कमेटी को चार्ज दे दिया जाए ताकि आगामी चुनाव बिटीओ की सुपर कमेटी की ही निगरानी में हो । नगर में बिटीओ के चुनावों को लेकर होटलों और पान ठेलों में चल रही फिजा इस सक्रिय मानसून और नगर में हो रही झमाझम बारिश के बीच काफी गरमाई हुई है ।देखने लायक बात यह होगी कि सियासी ऊंट चुनावी मैदान की और करवट लेता है या सुपर कमेटी के निर्णय की ओर करवट लेता है ।
