महासमुंद – प्रदेश में बिजली की दरों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में 18 जुलाई को महासमुंद ग्रामीण और झलप पटेवा ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह विरोध अमर अरुण चंद्राकर और ब्लॉक अध्यक्ष ढेलु निषाद के नेतृत्व में, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर की उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने झलप के छिलपावन चौक औरतुमगांव स्थित विद्युत उपकेंद्रों में राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। डॉ. रश्मि चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बिजली उपभोक्ताओं से लगातार अत्यधिक शुल्क वसूल रही है। घरेलू उपयोग के लिए दरों में 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है, जबकि गैर-घरेलू उपयोग के लिए 25 पैसे प्रति यूनिट और कृषि पंपों के लिए 50 पैसे प्रति यूनिट की दर से वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि पहले ही खाद, बीज और बिजली कटौती जैसी समस्याओं से जूझ रहे किसानों पर यह अतिरिक्त बोझ उनकी आर्थिक स्थिति को और कमजोर कर देगा। आंदोलन के संयोजक अमर अरुण चंद्राकर ने कहा कि भाजपा की सरकारें हमेशा आम जनता को आर्थिक रूप से प्रताड़ित करती रही हैं। उन्होंने कहा कि 2003 से 2018 तक भाजपा शासन के दौरान हर साल बिजली दरों में वृद्धि हुई औरउपभोक्ताओं की जेब पर असर पड़ा। जबकि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में किसानों और गरीब उपभोक्ताओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बड़ी राहत दी थी—जैसे 5 एचपी तक मुफ्त बिजली, बीपीएल परिवारों को 40 यूनिट तक मुफ्त बिजली और आधा बिल योजना। ब्लॉक अध्यक्ष ढेलु निषाद ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए बिजली दरों की बढ़ोतरी को तुरंत रद्द करने की मांग की।धरना प्रदर्शन में डॉ. रश्मि चंद्राकर, अमर अरुण चंद्राकर, ढेलु निषाद,मोहित ध्रुव, निखिलकांत साहू, खिलावन साहू, सृष्टि ध्रुव, प्रवीण चंद्राकर, दारा साहू, आलोक नायक, कमलेश चंद्राकर, रमन ध्रुव, और अन्य सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
