कलेक्टर श्री बीएस उइके ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कोसमबुड़ा का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके पढ़ाई -लिखाई एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में ली जानकारी.

गरियाबंद – जिले के छुरा विकासखण्ड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कोसमबुड़ा का कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलनाथ यादव से वहाँ की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत कर उनके पढ़ाई -लिखाई एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। शिक्षकों ने बताया कि यहां के विद्यार्थी काफी लगन के साथ पढ़ाई कर रहे है। शिक्षा विभाग द्वारा राज्य में कई बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया है। इसके अलावा यहां के विद्यार्थी देश की राजधानी नई दिल्ली में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके है। कलेक्टर ने कहा कि भारत सरकार की पहल पर जनजातीय बच्चों को आदर्श वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए एकलव्य विद्यालयों की स्थापना की गई है। आवासीय विद्यालय में बच्चे प्रतिभावान हैं और वे बहुत ही लगन के साथ पढ़ाई करते हुए हर क्षेत्र में आगे बढ़े और अपने माता-पिता के आशाओं को पूरा करें। कलेक्टर ने कहा कि अनुशासन बना रहेगा तो सफलता अवश्य मिलेगी। सभी विद्यार्थी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करें। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों को आईआईटी, नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में जानकारी दे एवं तैयारी कराये। इस दौरान बताया गया कि विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से नीट एवं आईआईटी की कोचिंग ऑनलाईन माध्यम से कराई जा रही है। कलेक्टर श्री उइके ने कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी पायल कंवर से चर्चा की। इस दौरान कलेक्टर श्री उइके ने विद्यालय परिसर में हो रहे मेस एवं विभिन्न निर्माण कार्यों का अवलोकन कर गुणवत्तापूर्ण कार्य समय पर करने कहा। उन्होंने विद्यालय का रंग-रोगन करने एवं परिसर में पौधरोपण करने को कहा। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त श्री नवीन भगत, एसडीएम श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित विद्यालय के शिक्षकगण मौजूद रहे।