कलेक्टर का कसडोल दौरा: स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति पर असंतोष, ग्रामीणों के स्वास्थ्य का लिया जायजा।

बलौदाबाजार:-कलेक्टर दीपक सोनी ने बुधवार को विकासखंड कसडोल के भ्रमण के दौरान विभिन्न शासकीय सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुनी ‘ब’ का दौरा कर वहां की चिकित्सा सेवाओं और अधोसंरचना की बारीकी से जांच की।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल भवन में आई टूट-फूट, दीवारों और छतके हिस्सों में आई दरारों और स्लैब के धंसने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सीजीएमसी के अभियंताओं को तकनीकी जांच कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने डॉक्टर कक्ष, एक्स-रे कक्ष, महिला वार्ड, दवा वितरण कक्ष, नेत्र परीक्षण कक्ष समेत सभी प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, प्रसव की मासिक संख्या आदि की जानकारी ली। साथ ही मरीजों के साथ अच्छे व्यवहार और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बताया गया कि अर्जुनी स्थित इस 10 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण वर्ष 2018 में सीजीएमएससी द्वारा कराया गया था, लेकिन निर्माण में तकनीकी खामियों के चलते फर्श, दीवार और स्लैब में समय से पहले क्षति हो रही है। अस्पताल में वर्तमान में 9 स्टाफ कार्यरत हैं और हर महीने 12 से 14 प्रसव होते हैं।

बरबसपुर में स्वास्थ्य स्थिति का अवलोकन:कलेक्टर श्री सोनी ने ग्राम बरबसपुर पहुंचकर उल्टी-दस्त से प्रभावित ग्रामीणों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि चार लोग इस बीमारी से प्रभावित हुए थे, जिनमें से एक मरीज को सीएचसी पलारीमें भर्ती किया गया था। वर्तमान में सभी मरीज स्वस्थ हैं। कलेक्टर ने ग्रामीणों को उबला हुआ पानी पीने, ताजा भोजन करने और दूषित खाद्य पदार्थों से बचाव की सलाह दी। साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पीएचई द्वारा निर्मित पानी टंकी एवं बोरवेल की स्थिति देखी और अधिकारियों को जल्द पानी सप्लाई शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, गांव के महामाया तालाब को अमृत सरोवर योजना के तहत सौंदर्यीकरण हेतु विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम आर.आर. दुबे, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी, बीएमओ एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।