कलेक्टर श्री उइके ने समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश।
गरियाबंद – कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में हितग्राही को विभिन्न योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित, मुख्यमंत्री कार्यालय, उच्च कार्यालयों, सुशासन तिहार सहित अन्य स्थानों से प्राप्त आवेदनों कागंभीरतापूर्वक अधिकारी निर्धारित दिवस पर निराकरण करे। इससे शासन-प्रशासन के प्रति नागरिकों में विश्वास बढ़ता है। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व के प्रकरणों को निराकरण करने में तेजी लाये। साथ ही सीमांकन से संबंधित प्राप्त आवेदनों का निराकरण 15 जून के पूर्व पूरा कर ले। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों पर शीघ्रता से कार्यवाही करने को कहा। जिससे कि संबंधित को समय पर शासकीय नियुक्ति मिल सके।
कलेक्टर श्री उइके ने कृषि विभाग के अधिकारियों को कहा कि 29 मई से 12 जून तक होने वाले विकसित कृषि संकल्प अभियान की तैयारी अच्छे से कर ले। शिविर में स्थानीय कृषकों एवं जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से बुलाये। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कहा कि नालियों, गली-मोहल्ले, तालाबों सहित अन्य स्थलों की साफ-सफाई कराये। आगामी मानसून को देखते हुए बाढ़, अतिवृष्टि आदि से बचने हेतु सावधानी के तौर पर सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करे। जिले के नदी के जल स्तर पर बराबर नजर रखने और जलस्तर के खतरे के निशान पर पहुंचने की संभावना होने पर इसकी पूर्व सूचना राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम तथा निचले जिलों को लगातार देने की व्यवस्था करने तथा तत्काल सुरक्षा उपाय करने की व्यवस्था भी करने कहा गया है। इसके अलावा अन्य विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रकाश राजपूत, श्री नवीन भगत सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
