सियासी नज़र — भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र – क्या रेलवे फारेस्ट की जमीन पर इमारते बना चुके रसूखदारों को भी पालिका देगा नोटिस ।

( रेलवे ,फारेस्ट की जमीन पर घर बना रहे गरीबों को पालिका दे रही नोटिस )

किरंदुल –  एक ओर जहाँ रेलवे की जमीन पर दशकों से काबिज निवासियों को रेलवे प्रशासन द्वारा जमीन खाली करने के नोटिस देने के बाद आया तूफान थमा नहीं था तो वहीं दूसरी ओर किरंदुल नगर पालिका परिषद के द्वारा रेलवे और फारेस्ट की जमीन पर वर्षों से काबिज गरीब लोगों के द्वारा बनाये जा रहे गरीबो के आशियाने के निर्माण कार्य को बंद कर तीन दिवस के अंदर जमीन से सम्बंधित दस्तावेज पेश कर किरंदुल पालिका से भवन निर्माण कार्य के लिए भवन अनुज्ञा पत्र लेने के बाद ही भवन निर्माण कार्य को प्रारंभ करने की कार्यवाही से पुनः नगर के लोगो मे आशियाना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है ।कुछ दिनों पूर्व ही किरंदुल नगर पालिका की टीम ने किरंदुल पालिका के वार्ड नं 03, 05,और 06 तथा वार्ड नं 10 में घर बना रहे गरीबों के मकानों के निर्माण कार्य को बंद करवाते हुए 03 दिवस के अंदर जमीन के दस्तावेज के साथ पेश होते हुए पालिका से भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र लेने के बाद ही निर्माण कार्य को प्रारंभ करने के नोटिस के बाद रेलवे ,फारेस्ट की जमीन पर छोटा सा आशियाना बनाने वाले गरीबों को रेलवे से रेलवे की ज़मीन को खाली करने के नोटिस मिलने से टूटी आस पालिका के नोटिस के बाद पुनः पूरी तरह से टूटती नज़र आ रही है । गौर तलब है कि कई सालों पूर्व पूरा नगर ही तत्कालीन परिस्थितियों के हिसाब से बस चुका था यह भी विशेष है कि उस समय लोगों को यहां बसने व व्यवसाय करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता था,अब वही जनता रेलवे की आंखों की किरकिरी बने हुए हैं कभी वन विभाग तो कभी रेलवे लोगों को बेदखल करने पर आमादा है तो दूसरी तरफ अब जनहित के लिए बने निकाय नगर पालिका परिषद भी उक्त अभियान में जनता के विरुद्ध कदमताल करने में जुट गई है,किरंदुल में बसे व्यापारी एवं आम जनता में 95 प्रतिशत लोगों के पास पट्टा नहीं है तो वे भवन अनुज्ञा के लिए किस आधार पर निकाय में आवेदन लगा सकते हैं । किरंदुल की गलियों और होटलों में चल रही राजनेतिक चर्चा के अनुसार पालिका ने गरीबों के द्वारा बनाये जा रहे निर्माण कार्य को भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र का हवाला देते हुए नोटिस जारी कर निर्माण कार्य को बंद तो करवा दिया । परंतु नगर में चल रहे आंधी तूफान के बीच चर्चा यह भी है कि क्या पालिका के द्वारा किरंदुल में पूर्व के वर्षो में नगर के रसूखदारों के द्वारा रेलवे और फारेस्ट की जमीन पर दो और तीन मंजिला इमारते बना चुके नगर के रसूखदारों को भी पालिका के द्वारा भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र बनाने के लिए पालिका प्रशासन नोटिस जारी करेगा ।