ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में तैराकी की बारीकियां सीखते हुए बीजापुर के खिलाड़ी।

बीजापुर – जिला प्रशासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का प्रारंभ 10 मई को बीजापुर में किया गया। बीजापुर शहर में स्थित स्विमिंग पूल में चारों विकासखंड के विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 50 खिलाड़ी प्रतिदिन सुबह और शाम को तैराकी का प्रशिक्षण ले रहे हैं। कोच दीप्ति वर्मा द्वारा तैराकी की बेसिक जानकारी के साथ एडवांस तकनीक को बताते हुए खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खिलाड़ी बड़ी संख्या में तैराकी में रुचि ले रहे हैं तथा प्रतिभागियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। आदिवासी क्षेत्र के बच्चों में तैराकी की नैसर्गिक प्रतिभा पहले से ही होती है, जिसे इस शिविर के माध्यम से और बेहतर बनाते हुए, उन्हें प्रोफेशनल तैराक बनाया जा रहा है, ताकि वे खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगियों में अपने जिले, राज्य और आगे चल कर देश के लिए पदक अर्जित कर सकें।