कलेक्टर ने ली पेट्रोल डीजल संचालकों की बैठक

स्टॉक के अनुरूप लोगों को पेट्रोल डीजल उपलब्ध कराएं

नागरिकों से अपील ज्यादा पैनिक न हो

महासमुन्द -जिले में डीजल-पेट्रोल पंपो के सुचारू संचालन को लेकर कलेक्टर  विनय कुमार लंगेह ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों और सभी पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों की आपात बैठक ली। इस दौरान लोगों में अचानक से बढ़ी पैनिक बायिंग की घटनाओं को कम करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।आज शाम आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि लोगों को स्टॉक की उपलब्धता और जरूरत के मुताबिक पेट्रोल एवं डीजल प्रदान करें। कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि फिलहाल बॉटल विक्रय करने पर प्रतिबंध लगा दें। इसके साथ ही कुछ दिन के लिए प्रयोग के तौर पर निश्चित मात्रा में आम जनता को डीजल-पेट्रोल दिया जाए। जिसके तहत मोटर सायकल को 200 रु, कार को 1500 रु और कृषि कार्य के लिए 2000 रु तक का पेट्रोल उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर श्री लंगेह ने पेट्रोलियम कंपनियों के सेल्स अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि सभी पेट्रोल पंपो को पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल की सप्लाई की जाए। इससे अचानक बढ़े दबाव को कम किया जा सकता है। कलेक्टर ने पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति की निगरानी करने तथा नियमानुसार कार्य नहीं करने पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील किया कि आवश्यकतानुसार ही पेट्रोल डीजल की खरीद करें। अनुचित स्टॉक जमा न करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन लोगों की जरूरतों का ध्यान रख रही है। इसलिए किसी अफवाह या भ्रम में न आएं। प्रशासन की कोशिश है कि सबको पेट्रोल डीजल प्राप्त हो।

बैठक में अपर कलेक्टर रवि साहू, डिप्टी कलेक्टर तेजपाल सिंह ध्रुव ,पेट्रोल संचालक मौजूद थे।